मंदसौर। जिले के माल्या खेरखेड़ा क्षेत्र में हुए बस हादसे में युवक की मौत के बाद परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। मुआवजे एवं कार्रवाई की मांग को लेकर गुरुवार को मृतक का शव गांधी चौराहा पर रखकर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन कर रहे परिजनों ने मृतक के परिवार को 1 करोड़ रुपये मुआवजा, सरकारी नौकरी तथा बस संचालक के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।

उल्लेखनीय है कि नाहरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत डीगांव-माल्या रोड पर गुरुवार शाम करीब 7 बजे एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई थी। बस शामगढ़ से मंदसौर आ रही थी। सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में चालक द्वारा अचानक मोड़ने से बस पलट गई।

हादसे में वर्दी चंद नामक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 29 यात्री घायल हुए हैं। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई थी। ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और यात्रियों को बाहर निकाला।

सूचना मिलने पर सीएसपी जितेंद्र भास्कर एवं कोतवाली थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
