गरोठ। क्षेत्र के ग्राम गज्जाखेड़ी के एक किसान ने कथित व्यापारी पर संतरा फसल खरीदने के बाद लाखों रुपए हड़पने और भुगतान मांगने पर धमकाने का आरोप लगाया है। मामले में किसान ने पुलिस अधिकारियों को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है, जिस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार किसान दरबार सिंह पिता समंदर सिंह निवासी गज्जाखेड़ी तहसील गरोठ ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दिए आवेदन में बताया कि उन्होंने अपने खेत की संतरा फसल का सौदा 2 मार्च 2025 को इस्लाम मंसूरी निवासी खजूरी रूड़ा से किया था। फसल की कुल कीमत 3 लाख 91 हजार रुपए तय हुई थी, जिसमें से आरोपी ने केवल 1 लाख 70 हजार रुपए ही किस्तों में दिए। शेष राशि का भुगतान अब तक नहीं किया गया।
किसान का आरोप है कि बाकी पैसे मांगने पर आरोपी और उसके पुत्र द्वारा लगातार धमकियां दी जा रही हैं। यहां तक कि कोर्ट-कचहरी में घसीटने और जेल भिजवाने की धमकी भी दी गई। किसान ने यह भी आरोप लगाया कि भुगतान करने के बजाय आरोपी जबरन वाहन का सौदा करने का दबाव बना रहा है।
पीड़ित किसान ने कहा कि उसे अपनी मेहनत की कमाई चाहिए, किसी गाड़ी की आवश्यकता नहीं है। उसने प्रशासन से धोखाधड़ी करने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले में बुधवार को एसडीओपी द्वारा आवेदनकर्ता के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। लेकिन अब तक भी पुलिस ने मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिससे पीड़ित किसान परेशान हो रहा है।