प्रतापगढ़ (धरियावद)। उपखंड क्षेत्र के मूंगाना गांव में निर्माणाधीन SH-91 बाईपास मार्ग को लेकर ग्रामीणों का विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रस्तावित मार्ग के कालिका माता मंदिर के समीप से गुजरने पर आपत्ति जताते हुए इसे आस्था और सुरक्षा के लिए खतरा बताया है।
ग्रामीणों ने नायब तहसीलदार रजनीश व्यास को ज्ञापन सौंपकर उपखंड अधिकारी एवं जिला कलेक्टर से बाईपास के अलाइनमेंट में बदलाव की मांग की है। उनका कहना है कि प्रस्तावित मार्ग प्राचीन कालिका माता मंदिर के बेहद नजदीक से गुजर रहा है, जिससे धार्मिक वातावरण और मंदिर की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।
ग्रामीणों ने आशंका जताई कि भारी वाहनों की आवाजाही से मंदिर को नुकसान पहुंच सकता है तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर भी खतरा रहेगा। उन्होंने सुझाव दिया कि मार्ग को मंदिर से कुछ दूरी पर दूसरी दिशा में परिवर्तित किया जाए, ताकि विकास कार्य भी जारी रहे और जनभावनाओं का भी सम्मान हो।
इस दौरान ग्रामीणों ने लसाड़िया प्रधान प्रतिनिधि कन्हैया लाल मीणा के समक्ष भी अपनी मांग रखी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि मार्ग परिवर्तन नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। क्षेत्र में इस मुद्दे को लेकर जनसमर्थन लगातार बढ़ता जा रहा है।