मंदसौर। जिले के पिपलिया मंडी क्षेत्र में शुक्रवार देर रात थड़ोद टोल प्लाजा के पास एक चलती मारुति वैन में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा वाहन जलकर खाक हो गया।

जानकारी के अनुसार, वैन क्रमांक एमपी 14 सीबी 1643 में कनघट्टी निवासी अनिल सवार था, जो मंदसौर से कनघट्टी की ओर जा रहा था। इसी दौरान थड़ोद टोल प्लाजा के पास वाहन से अचानक धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग भड़क उठी।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि वाहन में लगी गैस किट में लीकेज या तकनीकी खराबी के कारण आग लगी हो सकती है। आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण वाहन पूरी तरह नष्ट हो गया।

सूचना मिलने पर पिपलिया मंडी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
