जीरन। सीआरपीएफ नीमच में पदस्थ जीरन निवासी जवान संजय पाटीदार (सगवारिया) के आकस्मिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। महज 35 वर्षीय संजय पाटीदार डीआईजी रेंज सीआरपीएफ कार्यालय नीमच में पदस्थ थे। गुरुवार सुबह उन्हें पूरे राजकीय एवं सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।

तिरंगे में लिपटी पार्थिव देह जैसे ही जीरन के गणपति मंदिर चौराहे पर पहुंची, बड़ी संख्या में नागरिक श्रद्धांजलि देने उमड़ पड़े। “भारत माता की जय” और “जब तक सूरज चांद रहेगा, संजय तेरा नाम रहेगा” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। अपने लाल को तिरंगे में लिपटा देख परिजनों सहित उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं।

सुबह 9 बजे लोहिया नगर स्थित निवास से अंतिम यात्रा निकाली गई, जो मुक्तिधाम पहुंची। इस दौरान सीआरपीएफ अधिकारी रामरस मीणा के नेतृत्व में पहुंचे जवानों ने दिवंगत जवान को गार्ड ऑफ ऑनर दिया तथा पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

मुक्तिधाम में गमगीन माहौल के बीच अंतिम संस्कार किया गया। दिवंगत जवान के पिता प्रेमनारायण पाटीदार, काका सत्यनारायण, छोटे भाई कपिल एवं पुत्र वैदिक ने मुखाग्नि दी।

कम उम्र में देश सेवा करते हुए संजय पाटीदार का निधन पूरे जीरन क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। क्षेत्रवासियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना को याद किया।
