कंजार्डा। चारभुजा धाम कंजार्डा में गुरुवार से भव्य कलश यात्रा के साथ पंचकुंडीय महायज्ञ महोत्सव का शुभारंभ हुआ। कलश यात्रा में हजारों महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लिया। डीजे और बैंड-बाजों की धुन पर महिला, पुरुष एवं बच्चे नाचते-गाते चल रहे थे। इस दौरान पूरा क्षेत्र भगवान श्री चारभुजा के जयकारों से गूंज उठा।
महोत्सव 21 मई से 25 मई 2026 तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत 20 से 22 मई तक नानी बाई का मायरा कथा का आयोजन भी किया जा रहा है। कथा का वाचन प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से 11 बजे तक पंडित पप्पू वैष्णव द्वारा किया जा रहा है।
धार्मिक आयोजन के चलते चारभुजा धाम में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। महोत्सव के तहत 23 मई को विशाल भजन संध्या का आयोजन रखा गया है, जिसमें सुप्रसिद्ध भजन गायक प्रेमशंकर जाट भजनों की प्रस्तुति देंगे।
चारभुजा मंदिर पंचगण ने समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।