चित्तौड़गढ़। निकटवर्ती सूरजपोल ग्राम स्थित सिद्ध श्री गणेश जी महाराज मंदिर में गुरु पुष्य योग के पावन अवसर पर भगवान श्री गणपति जी का विशेष दुग्धाभिषेक एवं पूजन-अर्चन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ।
इस अवसर पर सिद्ध गणेश मंदिर के महंत कमल दास जी महाराज ने बताया कि गुरु पुष्य योग अत्यंत शुभ एवं पुण्यदायी माना जाता है। इसी शुभ मुहूर्त में पंडित अशोक तिवारी एवं वेदपाठी बटुक यश तिवारी द्वारा श्री गणपति अथर्वशीर्ष के वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान गणपति जी का विशेष अभिषेक किया गया।
उन्होंने बताया कि भगवान गणपति की आराधना से समस्त विघ्न-बाधाओं का नाश होकर सुख, समृद्धि एवं मंगल की प्राप्ति होती है।
कार्यक्रम में भगवान लाल, पूरण गिरी, सुनील शर्मा, नानूराम एवं गोपाल जी सहित अनेक श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ अभिषेक एवं पूजा-अर्चना में भाग लिया।
अभिषेक के उपरांत भगवान श्री गणेश जी का आकर्षक एवं मनमोहक श्रृंगार किया गया तथा विधिवत प्रसाद का भोग अर्पित कर श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।
पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गणेश जी के जयकारों के साथ धर्मलाभ प्राप्त किया।