नीमच। शहर में रसोई गैस सिलेंडर की सप्लाई में हो रही देरी के कारण उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गैस की मांग के मुकाबले आपूर्ति प्रभावित होने से उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद 12 से 15 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। हालांकि एजेंसियों का कहना है कि सप्लाई धीरे-धीरे जारी है और स्थिति को सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

शहर की विभिन्न गैस एजेंसियों पर रोजाना बड़ी संख्या में उपभोक्ता अपनी बुकिंग की स्थिति जानने पहुंच रहे हैं। कई उपभोक्ताओं ने लगभग 10 दिन पहले गैस बुकिंग कराई थी, लेकिन डीएसी नंबर जारी नहीं होने के कारण उन्हें अभी भी प्रतीक्षा करनी पड़ रही है।एजेंसी संचालकों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे तनाव के चलते सप्लाई प्रभावित हुई है, जिससे डिलीवरी प्रक्रिया सामान्य से धीमी चल रही है।

गैस संकट का असर घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ छोटे कारोबारियों पर भी दिखाई दे रहा है। खाद्य एवं पेय पदार्थ से जुड़े कई दुकानदारों को मजबूरी में कोयला और लकड़ी की भट्टियों का उपयोग करना पड़ रहा है, जिससे उनकी लागत और मेहनत दोनों बढ़ गई हैं।

घरेलू उपभोक्ताओं का कहना है कि समय पर सिलेंडर नहीं मिलने से रसोई व्यवस्था प्रभावित हो रही है और उन्हें वैकल्पिक इंतजाम करने पड़ रहे हैं। हालांकि अधिकांश लोगों ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही सप्लाई व्यवस्था सामान्य हो जाएगी। शहर में हजारों उपभोक्ता गैस एजेंसियों से जुड़े होने के कारण सप्लाई में देरी का व्यापक असर देखा जा रहा है। उपभोक्ताओं और कारोबारियों ने प्रशासन एवं संबंधित कंपनियों से सप्लाई व्यवस्था में तेजी लाने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

गैस वितरकों ने अपील की है कि उपभोक्ता अनावश्यक रूप से घबराकर अतिरिक्त बुकिंग न करें। वहीं जिला प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
