मंदसौर। मंदसौर जिले के बोतलगंज के पास महू-नीमच फोरलेन हाईवे पर गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे एक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में मार्बल से भरे ट्रैक्टर और कार की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें कार सवार चार श्रद्धालु घायल हो गए।

घायलों की पहचान इंदौर निवासी के रूप में हुई है। सभी श्रद्धालु राजस्थान स्थित प्रसिद्ध तीर्थ स्थल सांवरिया सेठ के दर्शन के लिए जा रहे थे। बोतलगंज के पास उनकी कार ने आगे चल रहे मार्बल से भरे ट्रैक्टर को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में इंदौर निवासी अरविंद पाटीदार, वीरेंद्र प्रताप सिंह (42), पीयूष कुमावत (39), जुगल (42) और सूरज (40) घायल हो गए।

घटना के बाद राहगीरों ने तुरंत टोल एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही टोल एम्बुलेंस के पैरामेडिकल स्टाफ जुझार सिंह, असिस्टेंट राहुल और पायलट नरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया और उन्हें जिला अस्पताल मंदसौर पहुंचाया।

अस्पताल में उपचार के बाद शुक्रवार सुबह सभी घायलों को सामान्य स्थिति में छुट्टी दे दी गई। हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को पिपलिया मंडी थाने भिजवाया गया।
