चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ अरबन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड की स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भव्य रजत जयंती गौरव समारोह का आयोजन 23 मई 2026 को किया जाएगा।
(सीए) डॉ. आई.एम. सेठिया ने बताया कि बैंक ने पिछले 25 वर्षों में सहकारिता, पारदर्शिता, अनुशासन और जनविश्वास के आधार पर एक छोटे वित्तीय संस्थान से क्षेत्र की अग्रणी सहकारी बैंक के रूप में अपनी पहचान बनाई है। सीमित संसाधनों से शुरू हुई यह यात्रा आज हजारों खाताधारकों, जमाकर्ताओं और ऋण ग्राहकों के विश्वास का प्रतीक बन चुकी है।
उन्होंने बताया कि बैंक ने मध्यम वर्ग, व्यापारियों, महिलाओं, युवाओं और लघु उद्यमियों को बैंकिंग सुविधाओं से जोड़कर उनके आर्थिक सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है तथा कई लोगों को सूदखोरों के चंगुल से भी बचाया है।
आधुनिक बैंकिंग और डिजिटल सेवाओं का विस्तार-
बैंक ने समय के साथ आधुनिक बैंकिंग सेवाओं को अपनाते हुए डिजिटल सुविधाओं, ग्राहक सेवा और वित्तीय अनुशासन में लगातार नए आयाम स्थापित किए हैं। रजत जयंती वर्ष को बैंक परिवार, ग्राहकों और नागरिकों के विश्वास एवं सहयोग का उत्सव बताया गया है।
भव्य समारोह 23 मई को होगा आयोजित-
समारोह 23 मई 2026, शनिवार को सायं 4 बजे इंदिरा प्रियदर्शिनी ऑडिटोरियम, बाईपास रोड, चित्तौड़गढ़ में आयोजित होगा।
इस अवसर पर पंजाब के महामहिम राज्यपाल एवं चंडीगढ़ प्रशासक गुलाब चंद कटारिया मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी करेंगे। सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। सांसद सी.पी. जोशी सहित विधायक श्रीचंद पलानी, चन्द्रभान सिंह आक्या, अर्जुन लाल जीनगर एवं सुरेश धाकड़ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
आमसभा का भी होगा आयोजन-
बैंक की 26वीं आमसभा भी 23 मई 2026 को अपराह्न 2 बजे इंदिरा प्रियदर्शिनी ऑडिटोरियम में आयोजित की जाएगी। इसमें केवल बैंक सदस्य भाग लेंगे। आमसभा में 31 मार्च 2026 को समाप्त वर्ष के अंकेक्षित वित्तीय लेखों, लाभांश एवं उपनियमों में संशोधन का अनुमोदन किया जाएगा। साथ ही लंबे समय से सेवा दे रहे प्रबंधक (प्रशासन) जे.पी. जोशी का सम्मान भी किया जाएगा। प्रेस वार्ता के दौरान प्रबंध निदेशक डॉ. वंदना वजीरानी ने मीडिया प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।