पोलायकलां। नगर के श्रीराम मांगलिक भवन में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। कथा के दौरान पंडित सचिन कृष्ण शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन करते हुए कंस व जरासंध के अत्याचारों से लेकर रुक्मणी विवाह प्रसंग तक की कथा सुनाई। कथा श्रवण के दौरान श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे नजर आए और पूरा पांडाल जय श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठा। पंडित सचिन कृष्ण शास्त्री ने कहा कि मनुष्य को भविष्य की चिंता छोड़कर भगवान पर विश्वास रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि “कल की चिंता मत करो, कल की व्यवस्था तो ठाकुर जी पहले से ही कर रखते हैं।” उनके इस संदेश से उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो गए।कथा में भगवान श्रीकृष्ण और रुक्मणी विवाह प्रसंग का सुंदर वर्णन किया गया, जिसे सुनकर श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से नृत्य किया। कथा स्थल को आकर्षक सजावट से सजाया गया था तथा बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं एवं बुजुर्गों ने कथा का लाभ लिया। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए बैठने, पेयजल एवं प्रसादी की व्यवस्था की गई। कथा के समापन पर महाआरती कर भक्तों को प्रसादी वितरित की गई।