नीमच। जिले के जावी निवासी प्रहलाद पिता भंवरलाल विठोल की निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत के बाद शुक्रवार को अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार प्रहलाद विठोल को पीठ दर्द की शिकायत के चलते शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान लापरवाही बरती गई, जिसके कारण मरीज की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन व परिचित अस्पताल पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।

परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। शनिवार को जिला चिकित्सालय में शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है, जहां सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और अस्पताल प्रबंधन से पूछताछ की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जिला अस्पताल परिसर में फिलहाल तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
