नीमच। जिला मुख्यालय से करीब 3 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम कनावटी के मुख्य मार्ग पर शनिवार दोपहर ग्रामीणों ने विद्युत कटौती के विरोध में चक्काजाम कर दिया। जानकारी के अनुसार ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार अघोषित बिजली कटौती से वे परेशान हैं। प्रदर्शन के दौरान सरपंच सोनू सेन भी मौजूद रहे।

सरपंच सोनू सेन ने बताया कि बिजली कंपनी के अधिकारियों को कई बार शिकायत देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि रात्रि के समय भी बार-बार बिजली गुल हो रही है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी हो रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पेयजल व्यवस्था एक ही ट्यूबवेल पर निर्भर है, और बिजली कटौती के कारण गर्मी के मौसम में पानी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो रही है।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बिजली कंपनी मनमाने ढंग से कटौती कर रही है और कोई निश्चित समय नहीं है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई है और स्थिति पर नजर रखे हुए है।
