नीमच। शहर के स्थानीय व्हाइट हाउस में शनिवार को दाऊदी बोहरा समाज की महिलाओं द्वारा आयोजित सैफी एक्सपो महिला सशक्तिकरण, हुनर और उद्यमिता का आकर्षक संगम बनकर उभरा। रंग-बिरंगी स्टॉलों, आकर्षक उत्पादों और खरीदारी को लेकर महिलाओं के उत्साह ने पूरे आयोजन को जीवंत बना दिया।
एक्सपो के शुभारंभ अवसर पर सोशल एवं ह्यूमन एक्टिविस्ट फातिमा नजमी तथा डॉ. प्रियंका चौधरी अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। आयोजन में कुल 35 स्टॉल लगाए गए, जिनमें रिदा, परिधान सामग्री, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, कॉस्मेटिक्स, पर्स-बैग्स, रेडीमेड गारमेंट्स, फूड स्टॉल सहित महिलाओं की पसंद और जरूरत से जुड़ी अनेक वस्तुएं उपलब्ध रहीं।
सैफी एक्सपो की विशेषता यह रही कि यह आयोजन केवल दाऊदी बोहरा समाज तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सर्व समाज के लिए खुला रखा गया। यही कारण रहा कि बड़ी संख्या में महिलाएं एक्सपो में पहुंचीं और अपनी पसंद की वस्तुओं की खरीदारी करती नजर आईं।
इस अवसर पर फातिमा नजमी ने कहा कि दाऊदी बोहरा समाज के धर्मगुरु डॉ. सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन हमेशा महिला सशक्तिकरण और महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने पर बल देते हैं। उन्हीं की प्रेरणा से इस प्रकार के आयोजन महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके हुनर को मंच प्रदान करने का कार्य कर रहे हैं।
एक्सपो में इंदौर, उदयपुर, राजगढ़, निंबाहेड़ा, रतनगढ़ और नीमच सहित विभिन्न शहरों से आई महिला उद्यमियों ने अपने उत्पाद प्रदर्शित किए। खरीदारी के साथ-साथ लकी ड्रॉ भी आकर्षण का केंद्र बना रहा।
डॉ. प्रियंका चौधरी ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी, आत्मविश्वास और उत्साह से भरा यह आयोजन महिला उद्यमिता के बढ़ते कदमों की प्रेरणादायक तस्वीर प्रस्तुत करता है।