नीमच। आगामी बकरीद त्योहार को देखते हुए विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के गौ रक्षा विभाग ने गौवंश की सुरक्षा और गौ तस्करी पर रोक लगाने की मांग को लेकर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। बुधवार को विहिप कार्यकर्ता और सनातनी साथी कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी करते हुए जिला प्रशासन के नाम डिप्टी कलेक्टर चंद्र सिंह धारवे को एक ज्ञापन सौंपा।
विहिप पदाधिकारियों ने प्रशासनिक कार्यवाही पर असंतोष और चिंता व्यक्त की। उन्होंने हाल की दो घटनाओं का विशेष रूप से उल्लेख किया। पहली घटना में बंगला नंबर 55 क्षेत्र में खून से सना एक थ्री-व्हीलर लोडिंग वाहन मिला था, जबकि दूसरी घटना में नीमच से मनासा की ओर जा रही एक मारुति वैन से लगभग 200 किलो मांस बरामद किया गया था। संगठन का आरोप है कि इन गंभीर मामलों में अब तक कोई ठोस वैधानिक कार्रवाई या बड़ा खुलासा नहीं हुआ है।
कार्यकर्ताओं ने शहर के खारी कुआं क्षेत्र की स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां गौवंश को बिना चारे-पानी के बांधकर रखा जाता है और कुछ दिनों बाद वे रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो जाते हैं। संगठन ने यह भी कहा कि जिला पशु चिकित्सा अधिकारी द्वारा बार-बार ध्यान दिलाए जाने के बावजूद इस मामले में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
प्रमुख मांगें-
ज्ञापन में कई प्रमुख मांगें रखी गईं। इनमें त्योहारों के दौरान पशुओं के परिवहन में कथित लापरवाही और ढील पर पूर्ण रोक लगाने की मांग शामिल है। इसके अतिरिक्त जिले की समस्त गौचर भूमियों को भू-माफियाओं के अवैध कब्जे से मुक्त कराने की मांग की गई।
संगठन ने राजस्थान और महाराष्ट्र सरकार की तर्ज पर मध्य प्रदेश में भी गौमाता को ‘राज्यमाता’ का आधिकारिक दर्जा देने की अपील की है।
विहिप ने नगरपालिका की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए और मांग की कि बीमार या मृत पशुओं को उठाने के लिए ट्रैक्टरों के बजाय विशेष हाइड्रोलिक वाहनों की व्यवस्था की जाए, ताकि व्यवस्था अधिक प्रभावी और समयबद्ध हो सके।