नीमच। शहर का रेलवे स्टेशन शनिवार को उस समय पूरी तरह श्याममय हो गया, जब इंदौर से रिंगस जा रहे करीब 700 श्याम भक्तों का विशाल जत्था ट्रेन से यहां पहुंचा। इंदौर क्रमांक-3 के विधायक गोलू शुक्ला के नेतृत्व में पहुंचे श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए स्टेशन परिसर भक्ति, उत्साह और उल्लास से भर उठा।
ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही “श्याम प्यारे की जय” और “हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा” के जयघोषों से पूरा स्टेशन गूंज उठा। ढोल-नगाड़ों की थाप पर वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। नीमच के श्याम प्रेमियों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर विधायक गोलू शुक्ला और उनके साथियों का साफा पहनाकर एवं पुष्पमालाएं अर्पित कर आत्मीय स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं के चेहरों पर बाबा श्याम के दर्शन को लेकर विशेष उत्साह और उमंग दिखाई दे रही थी।
स्टेशन परिसर में बड़ी संख्या में श्याम भक्त एवं सामाजिकजन मौजूद रहे। भक्तों के स्वागत में दिखा जोश और उत्साह यह दर्शाता है कि बाबा श्याम के प्रति आस्था लगातार और अधिक प्रगाढ़ होती जा रही है।