नीमच। शहर के वार्ड क्रमांक-19 में बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। वार्डवासियों का आरोप है कि लंबे समय से नालियों की सफाई नहीं होने से उनमें गंदगी का अंबार लग गया है। नालियों का गंदा पानी और कचरा सड़कों पर फैलने से बदबू फैल रही है, जिससे राहगीरों और आसपास के रहवासियों को प्रतिदिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बनी हुई है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। उनका आरोप है कि चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधि वार्ड में सक्रिय रहते हैं, लेकिन बाद में मूलभूत समस्याओं की ओर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जाता।
वार्डवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से नालियों की तत्काल सफाई कराने, सड़कों पर फैली गंदगी हटाने तथा नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते समस्या का निराकरण नहीं किया गया तो जनस्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।