मंदसौर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई, शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलनरत सोनम वांगचुक के समर्थन में गुरुवार को किसान नेता श्यामलाल जोकचंद के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने रैली निकाली।
रैली शहर के यह नगर तिराहे से मुख्य मार्गों से होते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार, छात्रों के अधिकारों की रक्षा तथा लोकतांत्रिक तरीके से विरोध-प्रदर्शन करने वालों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किए जाने की मांग की गई।
किसान नेता श्यामलाल जोकचंद ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने छात्रों की मांगों पर सकारात्मक पहल करने और शिक्षा व्यवस्था में आवश्यक सुधार लागू करने की मांग की। रैली में बड़ी संख्या में किसान, युवा, छात्र एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।