नीमच। सावन के अंतिम सोमवार पर नीमच में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से शहर की सड़कें गूंज उठीं। अन्नपूर्णा सेवा न्यास की ओर से भव्य गंगाजल कावड़ यात्रा निकाली गई।
कावड़ यात्रा का शुभारंभ अमर ज्योतिर्लिंग महादेव मंदिर, रोडवेज बस स्टैंड से हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कावड़ में गंगाजल लेकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए भूतेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया। भक्त भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े और पूरे शहर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
अन्नपूर्णा सेवा न्यास के संयोजक एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश ‘पप्पू’ जैन भी कावड़ यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि सावन का अंतिम सोमवार श्रद्धा और आस्था की दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। उन्होंने भगवान भूतेश्वर महादेव से सभी श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होने तथा नीमच में सुख, शांति, अमन-चौन और समृद्धि की कामना की।
यात्रा का समापन भूतेश्वर महादेव मंदिर में हुआ। यहां श्रद्धालुओं ने गंगाजल से भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक किया और क्षेत्र की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।