मंदसौर। नाका नंबर-10 स्थित काला भाटा डेम के पास बागड़ी फार्म क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी से आसपास के रहवासियों में डर का माहौल है। बताया जा रहा है कि तेंदुए ने एक पालतू बकरे पर हमला किया और उसे अपने साथ जंगल की ओर ले गया।
घटना के बाद बागड़ी फार्म क्षेत्र में रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। रहवासियों का कहना है कि आसपास जंगल होने के कारण पालतू जानवरों के साथ-साथ छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है।
घटना की जानकारी वन विभाग को दी गई। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन काफी तलाश के बावजूद तेंदुए का कोई सुराग नहीं मिल सका।
रहवासियों ने वन विभाग से क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने और तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि होने पर उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ने की मांग की है। फिलहाल घटना के बाद लोग विशेष सतर्कता बरत रहे हैं।