नीमच। मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारी मनीष आर्य की बिजली के पोल पर कार्य करते समय हुई मौत के मामले में सीटू ने 50 लाख रुपए मुआवजे की मांग की है। साथ ही हादसे के लिए जिम्मेदार अधिकारी, कर्मचारी और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई गई है।
सीटू के जिला महासचिव सुनील शर्मा ने बताया कि 17 अगस्त 2026 को रामपुरा क्षेत्र में बिजली के पोल पर कार्य करते समय आउटसोर्स कर्मचारी मनीष आर्य पिता बाबूलाल संभवतः बिजली का झटका लगने से नीचे गिर गए थे। उपचार के दौरान उसी दिन उनकी मौत हो गई थी।
मामले को लेकर सीटू की ओर से दो ज्ञापन सौंपे गए। एक ज्ञापन कलेक्टर कार्यालय में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के नाम डिप्टी कलेक्टर मयूरी जौक को दिया गया, जबकि दूसरा ज्ञापन मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर के प्रबंध निदेशक के नाम अधीक्षण यंत्री रविकांत रंजन को नीमच स्थित अधीक्षण यंत्री कार्यालय में सौंपा गया। ज्ञापन का वाचन रमेश चंद्र गरासिया ने किया।
ज्ञापन में कहा गया कि नीमच जिले में विद्युत पोल और ग्रिड पर कार्य करते समय दुर्घटनाओं के कई मामले सामने आ चुके हैं। इनमें कई कर्मचारी स्थायी रूप से दिव्यांग हुए हैं, जबकि कुछ की जान भी जा चुकी है। संगठन ने विद्युत विभाग में कार्यरत आउटसोर्स, संविदा, ठेका और नियमित कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग की।
सीटू ने रखीं प्रमुख मांगें
सभी आउटसोर्स, संविदा, ठेका और नियमित कर्मचारियों का 50 लाख रुपए का दुर्घटना एवं जीवन बीमा कराया जाए।
मृतक कर्मचारी मनीष आर्य के परिवार को 50 लाख रुपए मुआवजा दिया जाए।
हादसे में लापरवाही बरतने वाले अधिकारी, कर्मचारी और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
दुर्घटना में कर्मचारी की मृत्यु होने पर परिवार के एक सदस्य को तत्काल नौकरी दी जाए।
बिना सुरक्षा उपकरणों के कर्मचारियों से काम कराने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।
दुर्घटना के कारण स्थायी दिव्यांगता के चलते नौकरी से हटाए गए कर्मचारियों को पुनः नौकरी पर रखा जाए।
दुर्घटना में मृत कर्मचारियों के परिवारों को लंबित उपादान राशि का तत्काल भुगतान किया जाए।
सीटू ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन द्वारा आंदोलन किया जाएगा। संगठन ने इसकी पूरी जिम्मेदारी मध्य प्रदेश शासन और विद्युत वितरण कंपनी की होने की बात कही है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान सीटू के प्रदेश सचिव शैलेंद्र सिंह ठाकुर, प्रवीण शर्मा, संजय मकवाना, रंगलाल गुर्जर, मुकेश मेनारिया, दशरथ धनगर, धीरज खत्री सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।