नयागांव। श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा, 13 मढ़ी कपूरथला परिवार एवं श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर बालाजी आश्रम के तत्वावधान में ब्रह्मलीन श्री श्री 1008 महंत लक्ष्मण गिरि जी महाराज की प्रथम पुण्यतिथि श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर संत समागम, श्रद्धांजलि सभा, गुरु पूजन, भजन-कीर्तन एवं महाप्रसादी भंडारे का आयोजन किया गया। देश-प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे संत-महात्माओं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने समाधि पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में संतों ने महंत लक्ष्मण गिरि जी महाराज के तप, त्याग, साधना एवं सनातन धर्म के प्रति उनके समर्पण को स्मरण करते हुए उनके जीवन को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। इस दौरान खेड़ापति बालाजी मंदिर की गुरु परंपरा का भी पुण्य स्मरण किया गया। 12 गांवों के आराध्य खेड़ापति बालाजी मंदिर के विकास में ब्रह्मलीन विद्वान संत भागीरथ गिरि जी महाराज के योगदान को याद किया गया। वर्तमान में महंत हरिओम गिरि जी महाराज गुरु परंपरा का निर्वहन कर रहे हैं।
इस अवसर पर महंत भास्करानंद जी महाराज, अभय गिरि जी महाराज, शंभू गिरि जी महाराज, अमेरिकन बाबा, शिवानंद गिरि जी महाराज, कृष्णा गिरि जी महाराज, महंत लाल नाथ जी महाराज एवं उमा गिरि जी महाराज सहित अनेक संत-महात्माओं का सान्निध्य प्राप्त हुआ।
योगी लालनाथ जी महाराज ने इंदौर में हाल ही में आयोजित गोपालकों के राष्ट्रीय सम्मेलन की बैठक की जानकारी दी। साथ ही आगामी 17 दिसंबर को जंबूरी मैदान, भोपाल में आयोजित होने वाले गौभक्त सम्मेलन के संबंध में भी जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में विक्रम सीमेंट के अधिकारी-कर्मचारी एवं आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। अंत में आयोजित भंडारे में संत-महात्माओं एवं श्रद्धालुओं ने महाप्रसादी ग्रहण की। बालाजी आश्रम परिवार ने सभी संतों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।