कटनी। विजयराघवगढ़ के बंजारी स्थित रामराजा पहाड़ हरिहर तीर्थ विश्व पटल पर बनाएगा अपनी विशेष पहचान श्रवण करेंगे पांच दिवसीय रामकथा की सुंदर तिथियों के मध्य दीदी साध्वी भी सहभागी होगी। महामंडलेश्वर कैलाशनद गिरी, जितेंद्रनंद सरस्वती, राजेश्वरानंद आदि का आशीर्वाद मिलेगा। संत जनों के शुभाशीष अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रविंद्र पुरी का आतिथ्य भी प्राप्त होगा। इस मौके पर सत्य सनातन संस्कृति धर्म सभा के रूप में 13 जून को संतों के मध्य विमर्श शास्त्रार्थ भी आयोजित होगा। जिसका संचालन प्रख्यात ओजपूर्ण वक्ता एवं फिल्म अभिनेता आशुतोष राणा करेंगे।
विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक ने बताया कि मेरे पूज्य गुरुदेव पं. देवप्रभाकर शास्त्री ‘दद्दाजी’ ने उनके पूज्य गुरूदेव धर्म सम्राट स्वामी करपात्री महाराज के हरिहरात्मक अनुष्ठान संकल्प को अपना संकल्प मानकर 131 सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग निर्माण महारूद्रयज्ञ महारूद्राभिषेक तथा श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ को एक ही छत के नीचे कराकर हम शिष्यों को शैव, वैष्णव और शाक्त परम्परा का दर्शन एक साथ कराया। अपने पूज्य गुरूदेव के संकल्प एवं सानिध्य से प्राप्त हरिहरात्मक यज्ञ के विधान और उसके जन कल्याणकारी प्रभाव का स्मरण करते हुए अनायास मेरे अंतःकरण में एक दिव्य तीर्थ क्षेत्र की परिकल्पना जाग्रत हुई। पूजनीय पिता कर्मयोगी पं. सत्येन्द्र पाठक के संस्कारों की परिणिति है कि ऐसे दिव्य तीर्थ की परिकल्पना को मूर्तरूप देने के लिए विद्वजनों, विज्ञों व संतों का आशीष लेकर विजयराघवगढ़ नगर के समीप महानदी व कटनी नदी के संगम तट पर स्थित दिव्य और आलौकिक राम राजा पर्वत पर ‘हरिहर तीर्थ’ की स्थापना सुनिश्चित हुई।