मुरैना। छत्रपति शिवाजी हिंदवी स्वराज के 350 वर्ष पूर्ण होने पर पूरे देश में कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को मुरैना में चल समारोह का आयोजन हुआ। इससे पहले जीवाजी गंज में एक सभा का आयोजन हुआ। जिसमें छत्रपति शिवाजी महाराज के चरित्र पर प्रकाश डालते हुए बताया कि मुगल आक्रांताओं के साम्राज्य के समय किसी भी राजा ने मुगलों से देश और देश के किसी भी राज्य को मुक्त कराने का साहस नहीं किया था बल्कि आमजन में यह भाव आना समाप्त हो चुका था कि अब मुगलों से कभी मुक्ति मिलेगी लेकिन छत्रपति शिवाजी महाराज ने न केवल मुगल साम्राज्य का विरोध किया बल्कि आमजन के अंदर यह विश्वास पैदा किया कि हम मुगलों से लड़ेंगे भी और मुक्ति भी प्राप्त करेंगे और धीरे-धीरे उन्होंने देश के 80ः भूभाग को मुगलों के साम्राज्य से मुक्त कराया। इसीलिए छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्य अभिषेक दिवस को 350 वर्ष पूर्ण होने पर हिंदवी स्वराज समिति पूरे देश में 1 वर्ष तक लगातार विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की रूपरेखा जिला समिति के सचिव श्याम मोहन दंडोतिया ने रखते हुए वर्ष भर होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी तथा ग्राम स्तर विद्यालय स्तर, महाविद्यालय, खंड स्तर से लेकर मातृशक्ति, व्यवसायी एवं प्रौढ़ वर्ग के बीच तक पहुंचकर शिवाजी महाराज के राम राज्य की संकल्पना के विचार को पहुंचाने का काम किया जाएगा। चल समारोह में बड़ी संख्या में शहर के नागरिकों सहित मातृशक्ति ने भी उत्साह के साथ भाग लिया। चल समारोह शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए बिस्मिल संग्रहालय पर पहुंचकर संपन्न हुआ। वहीं छत्रपति शिवाजी महाराज की झांकी के साथ चलने वाले चल समारोह का शहर में दर्जनों स्थानों पर स्वागत किया गया कहीं शीतल पेयजल तो कहीं दूध की लस्सी मिली अनेकों स्थानों पर पुष्प वर्षा कर चल समारोह का अभिनंदन किया।