नीमच। योजना क्र 36 बी के ढिल्लन भूखंड का मुद्दा एक बार फिर नवागत कलेक्टर दिनेश जैन के समक्ष उठा है। मामले में कांग्रेस नेता व पूर्व पार्षद ने कलेक्टर से शिकायत कर आरोप लगाया कि अवैध लाभ कमाने के लिए भूखंड की खरीद-फरोख्त हुई है। ऐसे में भूखंड के नामांतरण पर रोक लगाई जाए।
शिकायत में कांग्रेस पार्षद ने बताया कि योजना क्र 36 बी के भूखंड क्र 1048 (ढिल्लन भूखंड) नगर सुधार न्यास नीमच की योजना के अनुसार मास्टर प्लान में सिनेमा (मनोरंजन) के लिए आरक्षित है, इस कारण उक्त भूखंड का आवंटन आरंभ से शून्य है। भूखंड चिकित्सा कार्य (नर्सिंग होम) के लिए आवंटित किया था, लेकिन भूखंड का आवंटन प्राप्त करने के बाद डॉ सुखप्रेम कोर ढिल्लन ने उक्त भूखंड पर नर्सिंग होम का निर्माण न करते हुए लाभ कमाने के उद्देश्य से पट्टा नामा की शर्तो के विपरीत अवैध लाभ कमाने भूखंड का विक्रय कर दिया था, जो लीज शर्तो का पूरी तरह उल्लंघन है। शिकायत में बताया गया कि शासन ने योजना क्र 36बी के भूखंड क्र 1048 के लीज नवीनीकरण के संबंध में दिशा निर्देश जारी किए हैं न कि भूखंड के विक्रय के संबंध में अनुमति दी है। ऐसे में भूखंड का नामांतरण अनुचित है, जिस पर तत्काल रोक लगाई जाए।
करोड़ों रूपए का है भूखंड-
शिकायत में बताया गया कि वर्तमान में योजना नं 36बी के भूखंड क्र 1048 की कीमत करोड़ों रूपए पहुंच चुकी है। ऐसे में कुछ स्वार्थ तत्व अपने स्वार्थ सिद्ध करने के लिए नगरपालिका और शासन को आर्थिक नुकसान पहुंचाना चाहते हैं और ऐनकेन प्रकारेण से उक्त भूखंड का नामांतरण कराना चाहते हैं, जिसे तुरंत रोका जाए। शिकायत पर कलेक्टर जैन ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।