भोपल | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि वो इस देश की जनता को गारंटी देते हैं कि हर घोटालेबाज और चोर लुटेरे पर कार्रवाई होगी। इसी के साथ उन्होने कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की जनता उनकी असलियत समझ गई है और विपक्ष की छटपटाहट से साफ पता चल रहा है कि देश की जनता ने 2024 के लिए फिर से बीजेपी को चुन लिया है। गुरुवार को भोपाल में भाजपा के मेरा बूथ सबसे मजबूत अभियान के तहत देशभर के 10 लाख बूथ कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि मध्य प्रदेश की धरती की बीजेपी को दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होने कहा कि बीजेपी की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता हैं और किसी भी राजनैतिक दल के इतिहास में इस तरह का कार्यक्रम पहले कभी नहीं हुआ होगा।
पीएमम मोदी का मध्य प्रदेश दौरा बेहद महत्वपूर्ण है। ‘बूथ कार्यकर्ताओं’ के साथ प्रधानमंत्री ने दोतरफा संवाद किया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने उनसे सवाल पूछे और पीएम ने सवालों के जवाब दिए। उन्होने कहा कि भाजपा बूथ कार्यकर्ताओं की पहचान सेवाभाव से होनी चाहिए। इसके लिए छोटे छोटे काम जो बहुत महत्वपूर्ण होते हैं, उनपर ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होने कहा कि ‘कार्यकर्ताओं को गांव गांव में कस्बे में जाकर सेवाभाव से काम करना चाहिए। आपकी पहचान भाजपा कार्यकर्ताओं से आगे बढ़कर एक समाजसेवी के रूप में बनें, इस तरह से काम करना चाहिए।’ इस मौके पर उन्होने विपक्षी दलों पर जमकर प्रहार किया और कहा कि विपक्ष की घबराहट और बौखलाहट देखकर साफ समझ आता है कि देश की जनता ने 2024 के चुनाव में भाजपा को वापस लाने का मन बना लिया है।