जयपुर। शादी के 7 दिन बाद ही दुल्हन पति को होटल में छोड़कर भाग गई। नवदम्पति हनीमून मनाने जयपुर आया था। होटल में लगे सीसीटीवी में भी दुल्हन के भागने की फुटेज मिली है। शहर के झोटवाड़ा थाने में पीड़ित पति ने पत्नी की गुमशुदगी दर्ज करवाई है।
एएसआई बजरंग लाल शर्मा ने बताया कि भोपाल निवासी 24 साल के युवक ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि 29 जुलाई को उसकी शादी भोपाल में 22 साल की युवती से हुई थी। 5 अगस्त को हनीमून मनाने के लिए जयपुर आए थे। सुबह करीब 10 बजे जयपुर के झोटवाड़ा स्थित चौमूं पुलिया के पास एक होटल में रूम लेकर ठहरे। दोपहर करीब 12 बजे दोनों आमेर घूमने निकल गए। करीब 3 घंटे घूमने-फिरने के बाद खाना खाकर होटल लौट आए। कपल के बीच खाटूश्यामजी दर्शन करने का तय हुआ। पति कमरे में पत्नी को छोड़कर वह होटल के नीचे टैक्सी ड्राइवर से किराए की बात करने चला गया। करीब 15 मिनट बाद वापस कमरे में आने पर पत्नी गायब मिली। मोबाइल पर कॉन्टैक्ट करने के बाद भी कॉल रिसीव नहीं हुआ। होटल में इधर-उधर ढूंढने के बाद भी नहीं मिली। होटल स्टाफ से बात कर पत्नी के नहीं मिलने के बारे में बताया।
होटल में लगे सीसीटीवी फुटेजों को खंगालने पर दोपहर 3.36 बजे नई नवेली दुल्हन मोबाइल पर बात करते हुए होटल से भागते नजर आई। शादी के 7 दिन बाद ही दुल्हन के लापता होने पर रविवार को झोटवाड़ा थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई।