चित्तौड़गढ़। मुस्लिम राष्ट्रीय मंच राजस्थान के प्रदेश संयोजक आबिद शेख ने कहा कि राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में भाजपा की जीत में मुस्लिम राष्ट्रीय मंच का एक अहम योगदान रहा है। इस बार तीनों राज्यों में मुसलमानों ने भाजपा को दिल से वोट दिए हैं। विशेष तौर से मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के राष्ट्रीय संरक्षक एवं मार्गदर्शक इंद्रेश कुमार के आदेश एवं निर्देश अनुसार एवं राष्ट्रीय संयोजक अबू बकर नकवी व रेशमा हुसैन के सानिध्य में मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के कार्यकर्ताओं ने दिन-रात काम किया। जीत के बाद मंच के पदाधिकारियों ने मंच के संरक्षक एवं मार्गदर्शक इंद्रेश कुमार से भेंट की और बधाई दी।
शेख ने बताया कि मंच के योगदान का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि राजस्थान की कामा, तिजारा और नगर सहित कई विधानसभा क्षेत्र मुस्लिम बहुल्य होने के बावजूद यहां पर कांग्रेस को हरा कर भाजपा के उम्मीदवार जीते हैं। शेख ने इसका श्रेय इंद्रेश कुमार एवं विश्व के एकमात्र नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी योजना, सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास के साथ किया जा रहे कार्यों से भी मुस्लिम समाज में भी एक विश्वास बना है। उनका कहना है कि पिछले 70 सालों से कांग्रेस ने देश के मुसलमानों को सत्ता लोलुपता के खातिर गुमराही के अंधेरों में रखा है एवं हमेशा हिंदू मुस्लिम और जात-पात की राजनीति की है। उसको मुसलमान भली-भांति समझते हुए पीएम मोदी के नेतृत्व में चल रही भाजपा सरकार जो कि बिना किसी भेदभाव के सभी धर्म के लिए काम कर रही है उससे प्रभावित होते हुए तीनों राज्यों में भाजपा की सरकार बनवाने में अपना एक अहम योगदान दिया है। इसके लिए मुस्लिम राष्ट्रीय मंच राजस्थान सभी कार्यकर्ताओं सहित मुस्लिम समाज का आभार व्यक्त करता है कि उन्होंने तरक्की, खुशहाली, सर्व धर्म, सद्भावना में अपना विश्वास व्यक्त किया।