पिपलियामंडी। एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 व 8/29 को समाप्त करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर किसान नेता श्यामलाल जोकचन्द्र के नेतृत्व में हजारों की संख्या में वाहन रैली निकाली। शुक्रवार को पावागढ़ माताजी मंदिर से शुरु हुई रैली मुख्य मार्ग होती हुई गांधी चौराहे पहुंची।
यहां आयोजित सभा को सम्बोधित करते हुए जोकचन्द ने कहा एनडीपीएस एक्ट की धारा का दुरुपयोग हो रहा है। डोडाचूरा में मार्फिन की मात्रा, मेडीकल से मिलने वाली नशे की गोली से भी कम होती है, उसके बावजूद डोडाचूरा को एनडीपीएस एक्ट में शामिल कर रखा है। क्षेत्र के हजारों युवा डोडाचूरा प्रकरण में जेलों में बन्द है। यहां से चुनाव जीतने वाले जनप्रतिनिधि किसानों पर फर्जी केस बनवाकर लाखों रुपए वसूल रहे है और यही पैसा चुनाव में धार्मिक स्थानों पर बांटकर चुनाव जीत जाते है। विधानसभा क्षेत्र का दुर्भाग्य है यहां से चुनाव जीतने वाले के इशारे पर ही पुलिस बेगुनाह किसानों पर फर्जी प्रकरण बना रही है। युवाओं को पुलिस तस्करी के लिए प्रेरित कर पकड़कर जेलों में बन्द कर रही है। यह धारा जब तक समाप्त नही हो जाती, तब तक किसानों के हित में लड़ाई जारी रहेगी। एक भी व्यक्ति पर फर्जी केस नही बनने देंगे और डोडाचूरा के फर्जी प्रकरण बनाने का पूरजोर तरीके से विरोध करेंगे।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजीत बौरासी ने कहा हम हर वर्ग की लड़ाई लड़ रहे है। किसान, मजदूर, गरीब वर्ग को उनका अधिकार नही मिलेगा तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी। श्यामलाल जोकचन्द द्वारा किसानों के लिए लड़ी जा रही लड़ाई में हम कंधे से कंधा मिलाकर साथ रहेंगे। बोरासी ने कहा जोकचन्द को आप अकेला नही समझे। प्रदेश के जो 46 निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव लड़े और दूसरे स्थान पर रहे, वे सभी श्यामलालजी के साथ है। बौरासी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने गलत टिकिट दिए, इसका जनता ने जवाब दे दिया है। आमजन के हित में हमारी लड़ाई जारी रहेगी।
कृषि मंडी के पूर्व उपाध्यक्ष कमलेश पटेल ने कहा कि एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 व 8/29 के संशोधन को लेकर प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान व क्षेत्र के विधायक व उपमुख्यमंत्री ने जो वादा किया है, उसे निभाना पड़ेगा, अन्यथा हम सड़क पर इसकी लड़ाई लड़ेंगे।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में किसान, मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्रवासी मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन पार्षद प्रतिनिधि भूपेन्द्र महावर ने किया।