भोपाल। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने गणतंत्र दिवस पर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में ध्वजारोहण किया। प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्होने कहा कि भारत का संविधान, प्राचीन भारतीय सभ्यता में निहित सामाजिक, आर्थिक व राजनीतिक मूल्यों पर आधारित है। एकता, सद्भावना, समानता और संप्रभुता-हमारे संविधान के आधार स्तंभ और हमारे गणतंत्र की आत्मा हैं। आइये हम सभी मिलकर देश की एकता और अखंडता की रक्षा करने का संकल्प लें।
ध्वजारोहण के बाद जीतू पटवारी ने पत्रकारों से चर्चा की। इस दौरान उन्होने कहा कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में बीजेपी जीतकर सत्ता में आई है। संविधान की मूल धारणा है कि जो राजनीतिक दल जनता के साथ जो वादे करते हैं, घोषणा पत्र प्रस्तुत करते हैं, उसके आधार पर वोट लें तो फिर अक्षरश: उसका पालन करें। लेकिन इस बात का दुख है कि प्रदेश की लगभग दो महीने की बीजेपी सरकार ने गणतंत्र दिवस पर भाषण तो खूब दिए लेकिन एक शब्द भी अपने वादों को लेकर नहीं कहा। ये मध्यप्रदेशवासियों के लिए एक चुनौतिपूर्ण प्रश्न खड़ा करता है।