नीमच। शहर के व्यस्ततम चौराहे 40 पर एनएसयूआई द्वारा धरना प्रदर्शन किया जा रहा हैं। एनएसयूआई ने दो दिन पहले भी कलेक्टर के नाम ज्ञापन दिया था। विद्यार्थियों ने ज्ञापन के माध्यम से बीएड और डीएड की परीक्षाओं के लिए विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन द्वारा बढ़ाए गए शुल्क को पूर्व की तरह यथावत रखने की मांग की थी। साथ ही एनएसयूआई ने शीघ्र कार्यवाई के लिए दो दिन का अल्टीमेटम भी दिया था।
जिसके बाद आज एनएसयूआई के कार्यकर्ता और बीएड/डीएड के छात्र-छात्राएं शहर के 40 चौराहे पर एकत्रित हुए और कुलपति व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क पर बैठ गए और रोड जाम कर दिया। मौके पर केंट थाना प्रभारी मय बल के पहुंचे और विद्यार्थियों को समझाने की कोशिश की। लेकिन एनएसयूआई और विद्यार्थी अपनी मांग पर अड़े हुए हैं।
एनएसयूआई और विद्यार्थियों का कहना हैं कि विधायक या जिम्मेदार जनप्रतिनिधि आकर सीधे कुलपति से चर्चा कर इस बात का निराकरण नहीं करते हैं तब तक यह प्रदर्शन जारी रहेगा। जब तक हमारी मांगों को नहीं मान लिया जाता हम लोग यहीं डटे रहेंगे।