डेस्क। लोकसभा चुबाव से पहले मध्य प्रदेश की राजनीति में बड़ा उलटफेर होने की सम्भावना दिख रही हैं। कमलनाथ और नकुलनाथ के भाजपा में जाने की अटकलों के बीच कई बड़े घटनाक्रम सामने आ रहे हैं।
कमलनाथ, नकुलनाथ के साथ दिल्ली के लिए रवाना हो रहे हैं। शनिवार दोपहर 03 बजे स्टेट हेंगर से भोपाल से दिल्ली के रवाना होंगे। इस बीच सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर सांसद नकुलनाथ के बायो बदलने की अटकलें भी रहीं। उनके बायो से कांग्रेस हटाने दावा किया जा रहा है। हालांकि, ये स्पष्ट नहीं हो पाया कि पहले इसमें कांग्रेस लिखा था या नहीं।
वहीं इसी बीच नकुलनाथ ने शनिवार को छिंदवाड़ा के उमरेठ में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कार्यक्रम को संबोधित किया। इसमें उन्होंने लोकसभा चुनाव के लिए वोट मांगे, लेकिन किसी राजनीतिक दल का नाम नहीं लिया।
इसी कार्यक्रम में कमलनाथ ने कहा कि मैंने अपनी जवानी समर्पित कर दी छिंदवाड़ा के लिए। अब यही कहूंगा अंतिम सांस तक हम साथ मिलकर रहेंगे। विकास की एक नई यात्रा शुरू करेंगे। आपका प्यार और विश्वास हमेशा मिलता रहे।
इसी बीच जबलपुर में पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि कमलनाथ जी जहां है वहीं रहेंगे, वो कहीं नहीं जा रहे है, आप लोग जब तक सनसनीखेज ब्रेकिंग न्यूज़ नहीं देते है, तब तक कौन देखेगा, कौन पड़ेगा, इसलिए ब्रेकिंग न्यूज के चक्कर में मत रहो। दिग्विजय सिंह ने कहा कि कल रात को मेरी कमलनाथ जी से बात हुई है, वो अभी छिंदवाड़ा में है। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति ने अपनी राजनीतिक जीवन की शुरूआत नेहरू, गांधी परिवार के साथ की थी, उस समय लड़ाई लड़ी थी जब जनता पार्टी की सरकार इंदिरा जी को जेल भेज रही थी, उस आदमी का कांग्रेस छोड़कर भाजपा जाने का सवाल ही नहीं उठता है।