खरगोन। जिले के कसरावद तहसील क्षेत्र के मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग के निमरानी स्थित झील शोरूम के पास एक बाइक चालक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर उपस्थित हुए। मृतक के मोबाइल फोन के माध्यम से मृतक के रिश्तेदारों को सूचना दी गई। वहीं पुलिस ने शव को ठीकरी अस्पताल पहुंचाया। मृतक के साडू भाई रामलाल करोले निवासी ग्राम ठीकरी ने बताया कि मौके पर उपस्थित लोगों के द्वारा फोन के माध्यम से सूचना दी गई कि उनके साडू भाई का एक्सीडेंट निमरानी शोरूम के पास हो गया है। अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी है।
मृतक के साडू भाई रामलाल करोले ने बताया कि मृतक विजय पिता आप सिंह चौहान उम्र 30 वर्ष निवासी खामखेड़ा तहसील (सेगांव) का मूल निवासी है जो कसरावद से साईंखेड़ा अपने रिश्तेदार के यहां शादी में जा रहा था। इस दौरान अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे घटनास्थल पर उसकी मौत हो गई। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची व शव को पोस्टमार्टम के लिए ठीकरी अस्पताल पहुंचाया।