चित्तौड़गढ़। वैसे तो राजस्थान पुलिस आमजन की सुरक्षा सेवा के लिए सदा ही समर्पित रहती है लेकिन इस सेवा के साथ पुलिस मानवसेवा के लिए अपनी अहम भूमिका निभाने में भी कभी पीछे नही हटती।
राजस्थान पुलिस के हेड कांस्टेबल स्वर्गीय रामलाल बैरवा की दूसरी पुण्यतिथि पर उनके पुत्र सूरज बैरवा सहायक उप निरीक्षक निम्बाहेड़ा कोतवाली ने रामलाल बैरवा फार्म हाउस नेगड़िया कलाँ में टीम जीवनदाता चित्तौड़गढ़ द्वारा विशाल रक्तदान शिविर एवं वृक्षारोपण, मूर्ति अनावरण का आयोजन किया।
यह आयोजन पुत्र सूरज बैरवा ने अपने स्वर्गीय पिता रामलाल बैरवा को श्रद्धांजलि अर्पित करने हेतु रखा।
शिविर का शुभारंभ मूर्ति को पुष्प अर्पित कर आसपास के गांवों के युवाओं महिलाओं की उपस्थिति में सुबह 10 बजे किया। इस रक्तदान शिविर में पहला रक्तदान अपने पिता को श्रद्धांजलि स्वरूप पुत्र सूरज बैरवा द्वारा किया गया। साथ ही 25 पुलिसकर्मियों, 3 दिव्यांगों, पश्चिम बंगाल के 2 दंपतियों ने वैवाहिक वर्षगांठ पर,11 महिलाओं ने रक्तदान कर आयोजन को विशेष चर्चा का विषय बनाया जो वाकई में काबिले तारीफ रहा।
वहीं बस्सी तहसीलदार गजराज मीणा, पूर्व विधायक निम्बाहेड़ा अशोक नवलखा, बस्सी सरपंच जनक सिंह, घोसुंडी सरपंच गोपाल सिंह एवं निम्बाहेड़ा, चित्तौड़गढ़ के पत्रकार बन्धुओ ने भी रक्तदान कर आमजन के ध्यान आकर्षित किया। दिनभर चले रक्तदान शिविर में कुल 275 युवा रक्तदाताओं ने रक्तदान कर शिविर को सफल बनाया।
शिविर में विशेष बात यह रही कि प्रत्येक रक्तदान करने वाले रक्तवीर को उपहार स्वरूप सड़क सुरक्षा के लिए हेलमेट भेंट किया और टीम जीवनदाता चित्तौड़गढ़ की तरफ से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। शिविर में दिनभर रक्तवीरों की लंबी कतार लगी रही युवा रक्तवीरों का रक्तदान के प्रति जोश ऐसा था कि उसको शब्दो मे बयां नही किया जा सकता। सभी रक्तवीरों के लिए भोजन फल आदि की व्यवस्था रखी गयी। रक्तदान संग्रहण जिला चिकित्सालय की ब्लड बैंक टीम एवं उदयपुर महाराणा भूपाल चिकित्सालय की टीम द्वारा किया गया।
इस आयोजन के अवसर पर पुत्र सूरज बैरवा सहायक उप निरीक्षक, पत्नी नर्बदा, माता चंदादेवी, बहिन मीना, शांति,सोनू, सीमा, दामाद गोपाल, रतन बोद्धप्रकाश सहित समस्त मित्रगण ग्रामवासी एवं टीम जीवनदाता के सदस्य उपस्थित रहे एवं दिन भर सेवाएं दी।