जबलपुर। जबलपुर-दमोह हाईवे पर आज सड़क हादसा हो गया। घटना आज सुबह 11 बजे करीब की हैं। जिसमें जबलपुर से दमोह की ओर जा रही बस पलट गई। बस में करीब 45 यात्री सवार थे। जिनमें 30 यात्रियों को मामूली चोटें आई है। जबकि चार यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जिन्हें एंबुलेंस की मदद से हॉस्पिटल रवाना किया गया हैं।
बस में यात्रा कर रहे यात्री मोहम्मद निहाल के मुताबिक बस एमपी 20 पीए 0357 सुबह करीब 10 जबलपुर के आईएसबीटी से चली थी। जिसमें करीब 45 यात्री सवार थे। बस जबलपुर से दमोह की ओर जा रही थी। इस दौरान दमोह-जबलपुर हाईवे में कटंगी टोल नाके के नजदीक सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। जिससे बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जाकर पलट गई। आनन-फानन राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को इलाज के लिए हॉस्पिटल रवाना किया।
जानकारी के मुताबिक जैसे ही बस पलटी बस में मौजूद यात्री घबरा गए और चीख पुकार मच गई। हालांकि राहगीरों रुककर एक-एक कर यात्रियों को बस के बाहर निकाला। बताया जा रहा है टक्कर होने के बाद ट्रक चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। बहरहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।