जयपुर। शनिवार देर रात स्कॉर्पियो में आग लगने से एक युवक जिंदा जल गया। सामुदायिक केंद्र में खड़ी पुरानी स्कॉर्पियो में नशा करते समय आग लगने से युवक की मौत हो गई। आग लगने की घटना देर रात की थी। पुलिस फायर बिग्रेड की एक गाड़ी की मदद से आग पर काबू कर चली गई थी। रविवार सुबह लोगों ने जलकर कबाड़ हुई स्कॉपियो के अंदर अधजली लाश देखकर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद विद्याधर नगर थाना पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से सबूत जुटाए।
एसआई दिनेश ने बताया कि आग में जिंदा जलने से बी-ब्लॉक पुराना विद्याधर नगर निवासी 20 वर्षीय गफ्फार की मौत हो गई है। वह सुखा नशा करने का आदी था। दरअसल, सेक्टर-8 विद्याधर नगर में सामुदायिक केंद्र के अंदर एक पुरानी स्कॉर्पियो खड़ी है। रात करीब 01.30 बजे स्कॉर्पियो में बैठकर गफ्फार नशा कर रहा था। नशा करने के दौरान स्कॉपियों में आग लग गई। स्कॉर्पियो में आग लगने से अंदर बैठा गफ्फार जिंदा जल गया। जलती हुई स्कॉर्पियो को देखकर आस-पड़ोसी जाग गए। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक दमकल की मदद से आग पर काबू पाया। आग बुझाकर वापस लौटने पर लोग भी अपने-अपने घर चले गए।
गाड़ी में मिली जली हुई लाश-
एसआई ने बताया कि रविवार सुबह करीब 11 बजे सामुदायिक केन्द्र में जलकर कबाड़ हुई स्कॉर्पियो को संभालने गए। स्कॉर्पियो की सीट पर एक युवक की अधजली लाश पड़ी दिखाई दी। आग में युवक के जिंदा जलने का पता चलने पर लोगों में सनसनी फैल गई। विद्याधर नगर थाना पुलिस सूचना पर मौके पर पहुंची। पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से सबूत जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी भिजवाया। पुलिस आग लगने के कारण का पता लगाने का प्रयास कर रही है।