नीमच। मध्यप्रदेश के गुना में एक ट्रेनी एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया। बताया जा रहा है कि इंजन में खराबी आने के कारण ये हादसा हुआ है। जिसमें एयरक्राफ्ट उड़ा रही ट्रेनी पायलट नैंसी मिश्रा घायल हो गई। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ट्रेनी विमान ने सुबह करीब 11ः30 बजे नीमच से सागर के लिए उड़ान भरी थी। इंजन में खराबी आने के बाद ट्रेनी पायलट ने गुना एरोड्रम पर विमान उतारने की परमिशन मांगी। इस बीच रनवे पर उतरते समय विमान पेड़ से टकरा गया और तालाब किनारे झाड़ियों में जा गिरा। हादसा करीब 4 बजे हुआ।
इधर, सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम पहुंच गई। जहां विमान क्रैश हुआ, उस इलाके को चारों तरफ से सील कर दिया गया है। वहां जाने की अनुमति किसी को नहीं दी जा रही। सीआईडी की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। दुर्घटनाग्रस्त विमान सिंगल इंजन का एयरक्राफ्ट ब्मेदं 172 था।
एसआई चंचल मिश्रा ने बताया कि नीमच से ट्रेनी विमान सागर जा रहा था। विमान में कुछ खराबी आ गई थी। इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी, इसी दौरान हादसा हो गया। ट्रेनी विमान चाइम्स एविएशन एकेडमी का था। ये कंपनी सागर के ढाना में एयरक्राफ्ट उड़ाने की ट्रेनिंग देती है।
ट्रेनी विमान ने जब नीमच से उड़ान भरी, तब उसमें सिर्फ ट्रेनी पायलट नैंसी मिश्रा ही सवार थी। हादसे के बाद जो तस्वीरें सामने आई, उसमें विमान पूरी तरह से टूटा हुआ दिख रहा है। चाइम्स एविएशन के मैनेजर राहुल शर्मा ने बताया कि पायलट नैंसी मिश्रा ट्रेनिंग के चलते गुना गई थीं। इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया।