सागर। जिले में गुरुवार सुबह बस और ट्रक की आमने-सामने से टक्कर हो गई। महिला समेत दोनों ड्राइवरों की मौके पर ही मौत हो गई। 42 यात्री घायल हैं। सभी को खुरई सिविल अस्पताल पहुंचाया है। दो की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया है। हादसा खुरई के खिमलासा रोड पर धांगर गांव के मेनसी तिराहा पर सुबह करीब 9.30 बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार सागर ट्रांसपोर्ट की बस बीना से सागर जा रही थी। 32 सीटर बस में 70 से ज्यादा लोग थे। खुरई से कुछ ही दूरी पर सामने से आ रहे ट्रक में बस जा घुसी। बसाहारी गांव निवासी यात्री सावित्री कुर्मी, चंदामऊ निवासी ट्रक चालक अनीस खान और रामसागर निवासी बस ड्राइवर इकबाल की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
खुरई देहात थाना पुलिस और 6 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को खुरई सिविल अस्पताल भेजा गया। 20 से ज्यादा लोगों को मामूली चोट आई है। बस में सवार अधिकांश यात्री खिमलासा और बसाहरी गांव के बताए जा रहे हैं। एसडीएम, एसडीओपी सहित अन्य प्रशासनिक अमला भी मौके पर पहुंचा है।
खुरई बीएमओ डॉ शेखर श्रीवास्तव ने बताया, सिविल अस्पताल में 38 घायलों काे लाया गया था। इनमें से दो की हालत गंभीर होने पर सागर जिला अस्पताल रेफर किया है।