मुरैना। महाशिवरात्रि शुक्रवार को बाबा महाकाल की शाही सवारी मुरैना शहर में निकाली गई। जिसमें एक किलोमीटर से ज्यादा लंबी कतार में झांकियां व कई तरह के कलाकार प्रदर्शन करते हुए चले।जिस रास्ते से बाबा महाकाल की सवारी निकली वहां लोगों ने फूल बरसाकर स्वागत किया और हर हर महादेव और जय महाकाल के जयकारे गूंजते रहे। शुक्रवार को दोपहर 3 बजे जीवाजीगंज टाउनहाल से फूलों से सजी पालकी में अलौकिक श्रंगार से सुसज्जित भगवान महाकाल की सवारी शुरू हुई जो शिक्षा नगर, नेहरू पार्क, मिल एरिया रोड, मान सरोवर पैलेस, जैन मंदिर, बिहारीजी मंदिर, सदर बाजार, स्टेशन रोड, पुल चौराहा व रामनगर चौराहा होते हुए देर शाम को बड़ोखर स्थित महाकाल मंदिर पर जाकर सम्पन्न हुई। महाकाल की पालकी के आगे-आगे कईयों तरह की झांकी चलीं, जिनमें राम दरबार, शिव दरबार, राधा कृष्ण, कैला माता आदि के मंदिर की झांकियां सजाई गईं। महाकाल की सवारी के लिए अलीगढ़ से 50 से ज्यादा कलाकार बुलाए गए हैं, जो भूत व गण भेष में शिव बाराती बनकर निकले तो कईयों ने डमरू, झांझ, मझीरा मण्डली ने तरह-तरह के करतब दिखाकर समां बांध दिया। शाही सवारी जहां से निकली वहां इतनी भीड़ हो गई कि सड़कों पर यातायात जाम हो गया। शाही सवारी के साथ हजारों लोग चले, जिनके स्वागत के लिए शहरभर में कई जगह ठंडाई, आइसक्रीम, पानी, चाय, नाश्ते आदि से स्वागत किया।