नीमच। जिले में हर वर्ष की तरह इस साल भी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने संचलन निकाला। नीमच के दशहरा मैदान स्थित टाउन हॉल से यह गुणवत्ता संचलन शुरू हुआ। गुणवत्ता संचलन में ध्वज प्रणाम करने के बाद स्वयं सेवकों ने संघ की प्रार्थना का गायन किया।
गुणवत्ता संचलन टाउन हॉल से प्रारंभ होकर पुस्तक बाजार, जाजू बिल्डिंग, घंटाघर, नया बाजार, बारादरी चौराहा, फव्वारा चौक, टैगोर मार्ग, कमल चौक, भारत माता चौराहा, विजय टॉकीज चौराहा होता हुआ दशहरा मैदान स्थित टाउन हॉल पर संपन्न हुआ। इस दौरान स्वयं सेवक पूर्ण गणवेश में कदम ताल करते हुए संचलन में शामिल हुए।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की ओर से वर्ष में 1 बार यह गुणवत्ता संचलन निकाला जाता है। जिसमें चुने हुए स्वयं सेवक ही शामिल होते हैं। जो पूर्ण गणवेश धारण कदम ताल करते हुए संचलन में शामिल रहते हैं। वहीं इस गुणवत्ता संचलन के दौरान पुलिस भी पूरे समय साथ-साथ चलती हुई दिखाई दी।