रतलाम। फोरलेन स्थित नामली पल्दूना फंटे पर रोड क्रास करते समय स्कूली छात्राओं को लेकर जा रही निजी वैन को ट्रक ने टक्कर मार दी। वैन में सवार सात छात्राएं घायल हुई है। जिन्हे 108 की मदद से रतलाम मेडिकल कॉलेज लाकर भर्ती कराया है। सभी छात्राएं नामली के शासकीय कन्या हाई स्कूल की है।
घटना शुक्रवार सुबह 7.20 बजे की है। गांव नौगावां कला से वैन क्रंमाक एमपी 43 जेडसी 1372 का चालक तुषार पिता दिलीप सुराना प्रतिदिन की तरह गांव से छात्राओं को लेकर निकला। नामली पल्दूना फोरलेन फंटा क्रास करने के लिए रोड पर खड़ा था। तभी जावरा की तरफ से अज्ञात ट्रक चालक क्लिनर साइट से टक्कर मारते हुए निकल गया। अचानक हुए घटनाक्रम से वैन में सवार छात्राएं घबरा गई। वैन भी क्षतिग्रस्त हुई। राहगीरों ने 108 को कॉल किया। सभी छात्राओं को रतलाम मेडिकल कॉलेज लाकर भर्ती कराया। घटना की जानकारी मिलते ही छात्राओं के परिजन रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचे।
वैन में सवार दीपिका (15) पिता दिनेश धाकड़, पायल (14) पिता प्रकाश धाकड़, दीपिका (14) पिता ईश्वरलाल धाकड़, अर्पिता (14) पिता कैलाश धाकड़, लक्ष्मी (14) पिता रघुनंदन शर्मा एवं राधा (14) पिता भरतदास बैरागी घायल हुई है। सभी छात्राओं को पैर व हाथ में चोट आई है। सभी छात्राएं एक गांव नौगावां कला की रहने वाली है। दीपिका व राधा का हाथ व पैर का एक्सरे किया है। फैक्चर की संभावना डॉक्टरों ने जताई है। शेष छात्राओं को भी मामूली चोट आई है। वैन में छात्रा राधा के दादाजी मनोहरदास (60) पिता नारायण दास बैरागी भी सवार थे। उन्हें सिर में गंभीर चोट आई है। जिन्हे भर्ती किया है।
कोचिंग पढ़कर परीक्षा देने जाना था
सभी छात्राएं गांव से वैन में सुबह 7 बजे सवार हुई थी। नामली आकर पहले कोचिंग पढ़ने जाने वाली थी। इसके बाद दोपहर में 2 बजे से उनकी परीक्षा थी। सोशल साइंस का पेपर था। कोचिंग पढ़ाने वाले टीचर देवेंद्रसिंह भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। घटना के जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण एसडीएम भी पहुंचे। छात्रा दीपिका ने बताया कि रोड क्रास करने के लिए वैन खड़ी थी। तभी ट्रक आया और टक्कर मारते हुए निकल गया। आज परीक्षा है। घटना की सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे।