नीमच। समीपस्थ गांव दारु में आज शुक्रवार सुबह एक ह्रदय विदारक घटना हो गई। थ्रेशर मशीन की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। युवक पास के ही राजस्थान के गांव का रहने वाला था। सूचना मिलते ही बघाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पीएम के लिए जिला चिकित्सालय नीमच भिजवाया।
गांव दारु में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे किसान राजेंद्र सिंह अमरसिंह के खेत पर थ्रेशर मशीन से मैथी निकाली जा रही थी। एमपी की सीमा से लगे राजस्थान के गांव सरलाई निवासी 45 वर्षीय राजू पिता मोहन भील थ्रेशर मशीन पर मजदूरी का काम कर रहा था। मैथी मशीन में देते वक्त अचानक राजू भील थ्रेशर की चपेट में आ गया। जिससे युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही बघाना पुलिस थाना प्रभारी मय बल के मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को जिला चिकित्सालय भिजवाया। जिला अस्पताल में मृतक राजू का पीएम किया जा रहा हैं।