भवानीमंडी। नगर के रेलवे स्टेशन के प्लेट फॉर्म नंबर एक पर चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान एक युवक का संतुलन बिगड़ने से वह ट्रेन के नीचे आ गया। हादसे में युवक का एक पैर और एक हाथ कट गया। युवक को गंभीर हालत में रेफर किया गया है।
जीआरपी पुलिस के नीरज चौधरी ने बताया कि शुक्रवार को कोटा-रतलाम मेमो गाड़ी से भवानीमंडी थाना क्षेत्र के गरनावाद गांव निवासी 35 वर्षीय विजय पुत्र राजकुमार कोटा रतलाम मेमो गाड़ी में चढ़ने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान ट्रेन चल रही थी। तभी उसका संतुलन बिगड़ने की वजह से वह ट्रेन के नीचे आ गया। जिसकी वजह से उसका दायां हाथ और दायां पैर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। जहां ट्रेन चालक ने गाड़ी को रोक गंभीर घायल को मौके पर प्राथमिक उपचार कर उसे अस्पताल भेजा गया। जहां उसकी नाजुक हालत को देख घायल को झालावाड़ रेफर किया गया। जहां से भी उसे कोटा रेफर किया गया। घायल ने बताया कि वह किसी काम से नागदा जा रहा था। तभी चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हो गया। पुलिस ने बताया कि घायल के परिजनों को सूचना कर दी है।