चित्तौड़गढ़। कारखाना एवं बॉयलर्स चित्तौड़गढ़ के वरिष्ठ निरीक्षक धीरज कुमार पंवार ने कहा कि हमें संस्थान में सुरक्षा के महत्व को बढ़ावा देना चाहिए ताकि सम्भावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके। सुरक्षित तरीके व सेफ्टी नियम अपनाने से सभी श्रमिक सुरक्षित रह सकते है। वे बिरला व चन्देरिया सीमेन्ट वर्क्स में राष्ट्रीय संरक्षा सप्ताह के उपलक्ष में आयोजित समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में सम्बोधित कर रहे थे, उन्होंने बिरला व चन्देरिया सीमेन्ट वर्क्स में सेफ्टी उपाय को बढ़ावा देने व दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिये किये गये प्रयासों की सराहना की व शून्य दुर्घटना के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिये सभी कर्मचारियों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम का शुभारम्भ धीरज कुमार पंवार, टेक्निकल हेड सुनील कुमार कोठारी, कारखाना प्रबन्धक आर.सी.झंवर, विनोद पालीवाल, कैशव पाण्डे, मुकेश देवपुरा, सेफ्टी हेड़ कौशिक सवानी द्वारा दीप प्रज्जवलित कर किया गया। तत्पश्चात् मुख्य अतिथि एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों का स्वागत पुष्प गुच्छ भेंट कर किया गया। इससे पूर्व सेफ्टी सम्बन्धित टिप्स एवं सेफ्टी बेज बांटे गये। कारखाना प्रबन्धक झंवर ने सभी उपस्थित कर्मचारियों एवं अधिकारियों को संरक्षा शपथ दिलायी। इस अवसर पर टेक्निकल हेड़ कोठारी ने अपने संरक्षा सन्देश में कहा कि सभी कर्मचारियों को सेफ्टी के नियमों व निर्देशों का पालन करना चाहिए एवं इसे जिम्मेदारी से सभी को निभानी चाहिए। जब कार्य को सुरक्षित एवं सुनियोजित तरीके से किया जाता है तो दुर्घटना को टाला जा सकता है।
उन्होंने शून्य दुर्घटना के लक्ष्य को हासिल करने के लिये सभी को धन्यवाद दिया। समारोह में कौशिक सवानी द्वारा संस्थान में सेफ्टी के सम्बन्ध में हासिल किये गये विभिन्न मानकों, आयामों एवं इससे सम्बन्धित अन्य उपयोगी जानकारी भी दी। इस अवसर पर अशोक तिवारी व अजय व्यास टीम द्वारा सेफ्टी नाट्य प्रस्तुति दी गई, जिसका उपस्थित सभी दर्शकों ने तालियों से अभिनन्दन कर भरपूर सराहा। अजय व्यास, प्राण वल्लभ एवं राजाराम द्वारा कविता प्रस्तुत की गई। इसके अतिरिक्त संरक्षा सप्ताह के उपलक्ष में सेफ्टी पोस्टर, निबन्ध, स्लोगन, सेफ्टी क्विज एवं प्रश्नोत्तरी, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया तथा प्रतियोगिताओं के सभी विजेताओं को समारोह में पुरस्कार प्रदान किये गये। प्लान्ट सेफ्टी समिति चेयरमेन एवं सदस्यों, प्रतिमाह सेफ्टी बुलेटीन में सेफ्टी सन्देश देने वाले विभिन्न कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह भेंट किये गये। साथ ही आयोजन का मुख्य आकर्षण लक्की ड्रॉ रहा जिसके नम्बर निकाले विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किये गये। कार्यक्रम के अन्त में कौशिक सवानी द्वारा सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया गया। संचालन एच.आर. विभाग के जगदीश नागदा द्वारा किया गया।