खरगोन। शहर के सनावद रोड स्थित श्री नमिनाथ जिनालय श्री जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक श्री संघ द्वारा नाकोड़ा भैरव पूजन एवं वार्षिक ध्वजारोहण समारोह भक्ति भाव से मनाया गया। दो दिवसीय जिनालय के वार्षिक ध्वजारोहण कार्यक्रम का रविवार को ध्वजारोहण के साथ समापन हुआ। उक्त धार्मिक अनुष्ठान को लेकर समाजजनों में उत्सवी माहौल रहा। बड़ी संख्या में महिला. पुरुष शामिल हुए, भजन कीर्तन कर जयकारे लगाए गए।
समाज के कांतिलाल जैन, शिखर जैन आदि ने बताया कि दो दिवसीय वर्षगांठ महोत्सव के तहत शनिवार को अठारह अभिषेक, नाकोड़ा भैरव पूजन भक्ति संगीत जैसे अनुष्ठान हुए। समापन पर रविवार को सत्तर भेदी पूजा के बाद शिखर पर ध्वज चढ़ाया गया। इस दौरान शास्त्रों के पाठ पर आधारित मन्त्रों के उच्चारण के साथ संगीतमय विधि विधान से ध्वजा महोत्सव संपन्न हुआ।