मल्हारगढ़। नारायणगढ़ थाना अंतर्गत गर्रावद गांव के निकट शनिवार को सड़क निर्माण में लगी मिक्सर मशीन की चपेट में आने से दो महिलाएं घायल हो गई थी। उपचार के दौरान रात में एक महिला की मौत हो गई। रविवार सुबह मृतक महिला के परिजनों ने मंदसौर संजीत रोड पर गर्रावद फंटे पर शव रखकर सड़क पर चक्काजाम कर दिया।
परिजनों को 50 लाख की सहायता तत्काल देने और सड़क निर्माण कर रहे ठेकेदार को ब्लैक लिस्टेड करने, मिक्सर मशीन के चालक पर हत्या का मामला दर्ज जैसी मांगों पर परिजन अड़ गए। मौके पर नारायणगढ़ टीआई-टीआई अनिल रघुवंशी, मल्हारगढ़ नायब तहसीलदार सुनील अग्रवाल पुलिस बल के साथ पहुंचे। शव प्रदर्शन कर रहे परिजनों को समझाया। करीब 2 घंटे चले चक्काजाम के बाद परिजन माने और प्रदर्शन खत्म हुआ।
नारायणगढ़ थाना प्रभारी अनिल रघुवंशी ने बताया कि परिजनों की कुछ मांगे थी। जिनका प्रपोजल बनाकर शासन को भेजने की बात पर परिजन माने है। आरोपी मिक्सर मशीन चालक के खिलाफ रात में ही मामला दर्ज कर लिया गया था।
नायब तहसीलदार सुनील अग्रवाल ने बताया कि सीएम कोष से 10 लाख की सहायता का प्रपोजल बनाकर भेजने का आश्वासन परिजनों को दिया है। इसके निर्माण के दौरान संकेतक लगाने के निर्देश ठेकेदार को दिए हैं।