नीमच। शहर में आज पोरवाल समाज ने अपने आराध्य देव श्री राजा टोडरमल जी का जन्मोत्सव बड़े ही हर्षाेल्लास और धूमधाम के साथ मनाया। समाजजनों ने नीमच के अंबेडकर मार्ग स्थित राजा टोडरमल चौराहा पहुंचकर टोडरमल जी की प्रतिमा स्थल पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर राजा टोडरमल की प्रतिमा पर समाज जनों ने माल्यार्पण और पूजा अर्चना कर महाआरती की।
पोरवाल समाज समिति नीमच के तत्वावधान में आयोजित जन्मोत्सव कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पोरवाल समाज के लोग नीमच शहर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों से भी पहुंचे। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पोरवाल समाज की महिलाएं और पुरुष विशेष वेशभूषा में दिखाई दिए। सभी पुरुषों ने गले में भगवा दुपट्टा धारण किया हुआ था। राजा टोडरमल की आरती के बाद महाप्रसादी का वितरण हुआ।
इस बार समाज जनों ने संस्कृति एवं अन्य गतिविधियों का आयोजन नहीं किया। दरअसल, समाज के अध्यक्ष कैलाश मुजावदिया का निधन होने की वजह से किसी भी तरह का सांस्कृतिक व अन्य आयोजन समाज द्वारा इस बार नहीं करने का निर्णय लिया गया था।