मनासा। सोमवार को मनासा में पोरवाल समाज ने अपने आराध्य देव श्री राजा टोडरमलजी का जन्मोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया। समाजजनों ने मनासा के रामपुरा नाके से बैंड बाजे ढोल के साथ भव्य चल समारोह निकाला। जो सदर बाजार, अल्हेड दरवाजा, सब्जी मंडी, बस स्टेंड, अन्नपूर्णा मंदिर होते हुए वर्धमान धर्मशाला पहुंचा जहां राजा टोडरमल की आरती के पश्चात महाप्रसादी का वितरण किया गया। वहीं समाज के वरिष्ठजन द्वारा श्री राजा टोडरमल जी के जन्मोत्सव पर कविता पाठ और जीवन शैली से जुड़े विषयों पर उद्बोधन हुआ। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पोरवाल समाज की महिलाएं और पुरुष विशेष वेशभूषा में दिखाई दिए।
इस अवसर पर पोरवाल समाज राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश पोरवाल, पोरवाल समाज अध्यक्ष मनासा दिलीप पोरवाल, युवा संगठन अध्यक्ष श्याम वेद, पोरवाल महिला मंडल अध्यक्ष वंदना पोरवाल सहित समाजजन उपस्थित रहे।