भोपाल। मध्यप्रदेश की 6 लोकसभा सीट छिंदवाड़ा, जबलपुर, मंडला, सीधी, शहडोल और बालाघाट के लिए नामांकन प्रक्रिया आज से शुरू गई है। यहां सबसे पहले जिला निर्वाचन और रिटर्निंग अधिकारी चुनाव नामांकन की अधिसूचना जारी करेंगे। इसके बाद नामांकन पत्र खरीदने और जमा करने का काम शुरू हो जाएगा। सीधी से बीजेपी उम्मीदवार डॉ. राजेश मिश्रा बुधवार को नामांकन भरेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव यहां सभा लेने पहुंचे हैं।
छत्रसाल स्टेडियम में नामांकन सभा को संबोधित करने के बाद सीएम डॉ. मोहन यादव भाजपा प्रत्याशी डॉ. राजेश मिश्रा के साथ रैली निकालकर कलेक्टर कार्यालय के लिए निकले।
इन 6 सीटों में से चार सामान्य और दो आदिवासी हैं। छिंदवाड़ा, जबलपुर, मंडला, सीधी, शहडोल और बालाघाट में भाजपा ने कैंडिडेट घोषित कर दिए हैं, जबकि कांग्रेस ने सिर्फ सीधी, मंडला और छिंदवाड़ा के लिए अपने प्रत्याशी तय किए हैं।
इन सभी सीटों पर नामांकन जमा करने की आखिरी तारीख 27 मार्च है। 28 मार्च को नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी होगी। 30 मार्च तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 19 अप्रैल को वोटिंग होगी।
सीधी लोकसभा सीट में सीधी जिले के साथ सिंगरौली जिला भी शामिल है। शहडोल लोकसभा क्षेत्र में उमरिया, अनूपपुर और शहडोल जिले की विधानसभाएं शामिल हैं। मंडला जिले में मंडला और डिंडौरी जिले की विधानसभाएं हैं। बालाघाट लोकसभा में बालाघाट जिला और सिवनी जिले की विधानसभा सीटें हैं। जबलपुर और छिंदवाड़ा लोकसभा सीट अकेले ही पूरे जिलों को कवर करती हैं।