उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए राजस्थान के जयपुर से आए एक भक्त ने भगवान महाकालेश्वर को चांदी का मुकुट और नाग कुंडल अर्पित किए है। चांदी के आभूषण का मूल्य दो लाख रूपए से अधिक बताया गया है। मंदिर समिति ने दानदाता को प्रसाद भेंट कर सम्मान किया।
श्री महाकालेश्वर मंदिर समिति के कोठार शाखा के प्रभारी मनीष पांचाल ने बताया कि श्री महाकालेश्वर मंदिर में मंगलवार को भगवान महाकाल के दर्शन के लिए आए जयपुर निवासी भावेश महाकाल द्वारा पुजारी आकाश शर्मा की प्रेरणा से 1 नग चांदी का मुकुट व 2 नग नाग कुंडल भगवान महाकाल को अर्पित किया। दान में प्राप्त चांदी के आभूषण का कुल वजन लगभग 2817.400 ग्राम है। जिसका आज की स्थिति में बाजार मूल्य करीब दो लाख से अधिक है। मंदिर समिति के सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने दानदाता को भगवान महाकाल का प्रसाद व दुपट्टा भेंट कर सम्मान किया।